भगतडीह । जिला प्रशासन के द्वारा लगातार छापेमारी के बाद भी कोयला तस्कर डंके की चोट पर कोयला तस्करी को अंजाम दे रहा है । सूत्रों के अनुसार बस्ताकोला क्षेत्र के राजापुर परियोजना के समीप गुरुवार की देर रात्रि कोयला एवं लोहा तस्करों के बीच चोरी का कोयला लदा वाहन टपाने को लेकर भिड़ंत हो गई .इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थक भारी संख्या में जमा हो गये. करीब 1 घंटे तक दोनों पक्षो के लोग एक दूसरे को देख लेने की धमकी देते रहे. वही बस्ताकोला कोलियरी प्रबंधन ने स्थानीय लोगों की सूचना पर शुक्रवार को कोयला चोरों द्वारा बनाए गए अवैध रास्ते को पत्थर ओबी गिरा कर बंद किया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि कोयला तस्करों द्वारा बस्ताकोला गौशाला के समीप एक अवैध रास्ता का निर्माण दो दिन पूर्व बस्ताकोला पोखरिया ओबी डंप के समीप कराया था.

गुरुवार की रात्रि करीब 2 बजे कोयला तस्कर करीब आठ 407 वाहन लेकर राजापुर परियोजना सहाना पहाड़ी बस्ती के समीप अवैध कोयला को 407 वाहन में लोड करा उक्त मार्ग पर ले जाने की तैयारी में थे. तभी राजापुर परियोजना वर्कशॉप के समीप दर्जनों की संख्या में लोहा चोर पुराने डोजर का पार्ट्स एवं भारी भरकम चेन काट कर एक 407 वाहन पर चढ़ा रहे थे. लोहा चोर कोयला तस्करों द्वारा बनाए मार्ग से लोहा लदा वाहन लेकर जाना चाहते थे. जिस पर कोयला तस्करों ने आपत्ति जता दी. कोयला तस्करों का कहना था कि उक्त मार्ग कोयला ले जाने के लिए बना है. जिस पर लोहा चोरों का दल कोयला तस्करों से भिड़ गया. दोनों पक्षों में गाली गलौज धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इसके बाद भगदड़ मच गया.

भगदड़ के कारण जगह जगह परियोजना का स्क्रैप लोहा सुबह तक बिखरा पड़ा रहा. जिसमें लोहा काटने के औजार भी थे. करीब घंटे के बाद मामला शांत हुआ. कोयला तस्कर एवं लोहा चोर उक्त मार्ग से कोयला लोहा लदा वाहन लेकर निकल गए.शुक्रवार की सुबह बस्ताकोला कोलियरी के अधिकारियों को अवैध रास्ते बनाने की सूचना स्थानीय लोगों ने दिया. सूचना मिलते ही बस्ताकोला परियोजना पदाधिकारी एके शर्मा, प्रबंधक अजय कुमार, सीआईएसएफ जवानों को लेकर पोखरिया ओबी डंप के समीप बने अवैध रास्ते को बंद कराया.

इस संबंध में परियोजना पदाधिकारी एके शर्मा ने कहा कि अवैध रास्ता बनाने की सूचना पर प्रबंधन सीआईएसफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त रास्ते को बंद कर दिया है प्रबंधन कोयला चोरी रोकने के लिए तत्पर है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *