धनबाद । कोयलांचल में गर्मी ने एक ओर जहां वातावरण में तपिश बढ़ा दी है, वही लोग बेहाल होते दिख रहे हैं। ऐसे में सड़कों पर कुछ लोग पारंपरिक पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं, तो वहीं कई लोग विभिन्न स्टॉल में जाकर अत्याधुनिक ड्रिंक्स का भी सेवन करते देखे जा सकते हैं।

शहर के कचहरी रोड में बुधवार को जब संवाददाता ने गर्मी से प्रभावित लोगों का आकलन करने पहुंचा तो पाया कि सड़क की दोनों ओर सत्तू, बेल और आम जैसे पारंपरिक पेय पदार्थ के ठेले- खोमचे पर लोग जुटे हुए थे। कोई गर्मी से बचने के लिए सत्तू पी रहा था, तो कई लोग बेल और आम का रस भी पीते देखे गए।

पूछने पर पता चला कि कोयलांचल में बेतहाशा गर्मी से उनकी हालत खराब है। ऐसे में काम करने के लिए तो बाहर निकलना ही पड़ेगा और सूरज की गर्मी उन्हें बेहाल करेगी। तो इसका एकमात्र उपाय है कि पारंपरिक पेय पदार्थों का सेवन कर अपने शरीर की ऊर्जा को बनाए रखें।

वही जब संवाददाता ने पार्क मार्केट, पुराना बाजार, बैंक मोड़, सरायढेला जैसे बाजार का जायजा लिया तो देखा कि कम उम्र के बच्चे-छात्र विभिन्न दुकानों में कोल्ड ड्रिंक्स और एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन कर रहे हैं। जिससे कि वह इस भीषण गर्मी से मुकाबला कर सके।

वही सदर अस्पताल तथा अन्य क्लीनिकों में चिकित्सकों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में कई लोग इलाज कराने पहुंच रहे हैं। अधिकतर लोगों के शरीर में पानी की कमी पाई गई है। जिसके वजह से चक्कर आना, जी मिचलाना, पेट खराब होने जैसी समस्या पाई जा रही है। इससे बचाव के लिए चिकित्सकों ने बताया कि घर से निकलने से पहले भरपेट पानी पिए, साथ ही पानी की बोतल और ओआरएस के पैकेट जरूर रखें। अगर किसी को इस भीषण गर्मी और कड़ी धूप में सिर चकराता है या अन्य कोई परेशानी हुई तो छांव वाले स्थान पर बैठकर ओआरएस का घोल बनाकर सेवन करें।

जिससे कि शरीर में पानी की कमी को दूर किया जा सके। जबकि स्कूली बच्चों की परेशानी भी देखते ही बनती है। बच्चे इस कड़ी धूप में स्कूल से छुट्टी होने के बाद पैदल तथा विभिन्न साधनों से घर वापस लौटने लिए निकलते हैं, तो वह बेहाल हो रहे है।

संभवत छात्रों की इसी स्थिति को देखते हुए झारखंड सरकार ने मंगलवार को अचानक टाइम टेबल में बदलाव किया है। जिससे कि इस भीषण गर्मी की चपेट में आने से स्कूली बच्चे बच सकें, जो सरकार द्वारा उठाया गया सराहनीय कदम है।

मालूम हो कि इन दिनों गर्मी ने सारा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। धनबाद झारखंड के सबसे गर्म शहरों में शुमार हो गया है। तापमान 42 डिग्री पार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *