मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री ने जारी की सूची

झरिया । आगामी 14 अप्रैल से 5 मई तक चलने वाले डॉ भीम राव अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने प्रत्येक जिले की सूची जारी कर दी है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह चंदनकियारी के विधायक अमर बाउरी के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री रंजय भारती ने बीते मंगलवार को इसकी घोषणा की। धनबाद महानगर का संयोजक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश आईटी सेल प्रभारी बप्पी बाउरी को मनोनीत किया गया। वहीं सदस्य के रूप में महानगर महामंत्री आशीष पासवान, रामजीत भुइंया, विमेश भुइंया, राजेश हाड़ी मनोनीत किया गया है। बप्पी बाउरी ने बताया कि महानगर के अंतर्गत तीन विधानसभा आते हैं। जिसमें झरिया विधानसभा, धनबाद विधानसभा व बाघमारा विधानसभा है। इन सभी विधानसभाओं में स्थानीय जन प्रतिनिधियों से संपर्क कर तीन तीन कार्यक्रम करने हैं। यहां अंबेडकर जयंती, दलित बस्तियों में समरसता भोज, सेवा सहयोग के अलावा केंद्र की योजनाओं को पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है। इन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर स्थानीय जन प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता महावीर पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष ध्रुव हरी, प्रदेश कार्यसमिति ललन पासवान सहित दर्जनों पार्टी नेताओं ने इन मनोनीत पदाधिकारियों को बधाई दी। साथ ही भरोसा जताया कि सभी कार्यक्रम सफल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *