धनबाद । जिले के सबसे बड़े अस्पताल एसएनएमएमसीएच में दो युवकों के शवों को चूहों द्वारा कुतरे जाने की आशंका के बाद हुए हंगामा को देखते हुए उपायुक्त संदीप सिंह ने डीआरडीए डायरेक्टर के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की। जिसमें डीआरडीए डायरेक्टर मुमताज अली अहमद की अध्यक्षता में टीम जांच करेगी। टीम में डीआरडीए डायरेक्टर, बंधु कच्छप मजिस्ट्रेट, डॉ जिंदल और सरायढेला थाना प्रभारी होंगे। जांच टीम 48 घंटे के भीतर मामले की जांच कर एक रिपोर्ट उपायुक्त धनबाद को सौपेगी। जांच टीम मंगलवार की देर रात शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंची। जहां दुर्घटना के बाद दोनों युवकों के शव को रखा गया था।

उन्होंने डॉ भदौरिया के साथ विभिन्न पहलुओं पर अस्पताल कर्मियों से पूछताछ की।मालूम हो कि सिंदरी गौशाला और बरोरा में सोमवार की दोपहर अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। बाद में शव को इमरजेंसी वार्ड में ही रात भर के लिए रखा गया। मंगलवार की सुबह जब शव का पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया तो परिजनों ने पाया कि दोनों युवकों के शरीर पर संदिग्ध रूप से कटने के निशान है। जिन्हें देखकर परिजनों ने हंगामा किया और जांच की मांग की।

परिजनों का कहना था कि शव के साथ अस्पताल कर्मियों ने छेड़छाड़ किया है। वही कुछ लोगों द्वारा चूहे के द्वारा कुतरे जाने की बात भी कही जा रही थी। हंगामे के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन कर 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। जिससे कि पता चल सके वास्तविक में दोनों शव के साथ छेड़छाड़ हुई थी या चूहों ने कुतरे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *