कोयलांचल । कोयलांचल में छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया । आज छठ पूजा का अंतिम दिन है और उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ यह पवित्र पर्व संपन्न हुआ । आस्था के इस पर्व पर नदी के तटों पर श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं । छठ पूजा के चौथे दिन श्रद्धालु उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए दामोदर समेत अन्य नदियों के किनारे और कृत्रिम घाटों पर पर उमड़ पड़े । वहीं चार दिवसीय छठ पूजा उत्सव के अंतिम दिन धनबाद, झरिया, कतरास, सिंदरी, बलियापुर, निरसा आदि क्षेत्रों में छठ घाट पर श्रद्धालु जुटे । झरिया के दामोदर नदी, राजा तालाब, आनंद भवन, श्री श्री मां मंगला चंडी मंदिर प्रांगण स्थित छठ घाट, भगतडीह तेजनसिंह तालाब, ऐना तालाब आदि छठ घाटों पर श्रद्धालु उमड़ पड़े ।

झारखंड में सीएम सहित कई लोगों ने दिया अर्घ्य : सोमवार को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया । उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देते हुए आस्था के महापर्व छठ का समापन हुआ । अब छठ व्रती प्रसाद के साथ उपवास तोड़ेंगी । लोगों के बीच ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद का वितरण किया जाएगा । राजधानी रांची के विभिन्न जलाशयों में पौ फटने से पहले ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था । हल्की ठंड के बीच गाजे – बाजे के साथ लोग जलाशयों के पास इकट्ठा होने लगे थे । जैसे ही सूरज की पहली लालिमा आकाश में दिखाई पड़ी लोगों ने अर्घ्य दिया । कोरोना महामारी की वजह से पूरे 2 साल बाद इतने हर्षोल्लास के साथ छठ पर्व मनाया गया । रविवार शाम को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित बाबूलाल मरांडी , राजेश ठाकुर , रघुवर दास , मंत्री बन्ना गुप्ता , वरिष्ठ विधायक सरयू रॉय सहित कई अन्य गणमान्य लोगों ने छठ घाट जाकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *