धनबाद । उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस लाइन के पास में बावरी पाड़ा क्षेत्र में स्थित नकली पनीर के तीन गोदामों तथा कार्मिक नगर में जोगेन्द्र यादव के गोदाम में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान कुल 1420 किलोग्राम मिलावटी पनीर जब्त किया गया। बावरी पाड़ा क्षेत्र में संबंधित गोदाम संचालकों का नाम बैजू सिंह, बीगन राय, सुमेध राय एवं सोनू कुमार हैं। वहीं, कार्मिक नगर स्थित गोदाम जोगेन्द्र यादव का है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार द्वारा मौके पर ही पनीर का रासायनिक स्टार्च परीक्षण किया गया। प्रारंभिक परीक्षण में पनीर के नकली होने की पुष्टि हुई। जब्त पनीर के नमूने विस्तृत रासायनिक जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। जब्त किया गए मिलावटी पनीर को नष्ट करवा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए छापेमारी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग से चंदन साव, चंद्रदेव गंजू, जैस्मीन करकटा,राहुल पासवान,राहुल कुमार,शुभम कुमार,अमित कुमार शामिल रहे ।साथ ही धनबाद थाना के सब इंस्पेक्टर संतोष रवि के साथ पुलिस बल भी उपस्थित थे ।
