जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा के रहने वाले गुलरेज अख्तर द्वारा विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से 1.44 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगी के शिकार रमजानपुर निवासी जसीम अख्तर और उसके साथी लोदना निवासी अजय पासवान ने जोरापोखर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अपनी शिकायत में पीड़ित जसीम अख्तर ने कहा है कि जामाडोबा बड़कीटांड़ निवासी गुलरेज अख्तर उर्फ गोल्डन ने कतर में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से 50 हजार रुपये और नगद 20 हजार रुपये ठग लिए। वहीं उसके साथी अजय पासवान से विभिन्न खातों में 44 हजार रुपये और नगद 30 हजार रुपये की ठगी की गई।
दोनों युवकों को नकली वीजा और नकली टिकट भी दे दिया गया। जब उन्हें पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है तो उन्होंने आरोपी के मोबाइल पर फोन कर पैसे वापस मांगने लगे। पैसे नहीं देने पर घर पहुंचकर पैसे की मांग करने पर आरोपी ने झूठा केस दर्ज कराने और मारपीट करने की धमकी दी। घटना से क्षुब्ध होकर दोनों युवकों ने थाने की शरण ली और लिखित शिकायत दर्ज कराई। जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
