डीजे और अश्लील गानों पर तहेगा पूर्ण प्रतिबंध

जोरापोखर। दुर्गा पूजा को लेकर जोरापोखर थाना परिसर में बुधवार को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता झरिया अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने की। बैठक में बिजली, सफाई, पानी और विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में पार्षदों और सदस्यों ने बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, सफाई पर ध्यान देने और अवैध रूप से बिक रही शराब दुकानों पर पूर्ण पाबंदी लगाने की मांग की।

पार्षदों ने कहा कि नगर निगम में लाइटों का टेंडर हो चुका है। लाइट आने पर जहां जरूरत होगी वहां लाइट लगाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा के दौरान पानी की किल्लत नहीं होने दी जाए। फुसबंगला पुल के पास गंदगी फैलाए जाने को रोके जाने की मांग की गई। बैठक में दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। कहा गया कि दुकानों के पीछे पर्याप्त जगह होने के बावजूद दुकानें आगे बढ़ाकर सड़क को छोटा कर दिया जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है।

थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने कहा कि पूजा पंडाल मजबूत बनाए जाएं और अग्निशमन की उचित व्यवस्था की जाए। झरिया अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पूजा से पहले सभी स्थानों पर लाइट लगाई जाएगी, बिजली विभाग से बात कर बिजली व्यवस्था ठीक कराई जाएगी और जमाडा से बात कर पूजा में पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बैठक में पार्षद जय कुमार, अलीम अंसारी, मुनिलाल रविदास, बिनय रजवार, अशोक झा, किशोर कुमार, आरिफ, दिनेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *