जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जियलगोड़ा चेक पोस्ट के निकट रहने वाली सेवानिवृत्त बीसीसीएल महिला कर्मी शांति हाड़ी के बैंक खाते से एक लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मंगलवार की शाम जोरापोखर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में शांति हाड़ी ने कहा है कि मंगलवार को अचानक उनके खाते से चार बार में कुल एक लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्हें इसकी जानकारी बैंक से मिली, जिसके बाद परिवार के लोग हैरान रह गए। दुर्गा पूजा के मौके पर इतनी बड़ी रकम की निकासी से परिवार के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि शांति हाड़ी स्थानीय कुछ सूदखोरों के चंगुल में थीं। उनके पुत्र ने आशंका जताई है कि सूदखोरों ने पहले ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर कराकर रख लिया होगा और उसी चेक का उपयोग कर आज पैसे निकाल लिए। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि बैंक खाते से निकासी की जांच कराकर दोषीयों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और निकाले गए पैसे की बरामदगी की जाए । जोरापोखर पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और बैंक से लेन-देन का विवरण लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *