जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा बाजार में भारी वाहनों के परिचालन को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार की संध्या भाजपा सांसद ढुल्लू महतो के प्रतिनिधि गफार अंसारी के नेतृत्व में बाजार में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान टाटा प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

जुलूस बाबूबासा से प्रारंभ होकर जामाडोबा बाजार के मुख्य मार्ग से होते हुए अंबेडकर चौक पर पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, दुकानदार और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस में उज्ज्वल मंडल, सोनू मल्लिक, वकील अंसारी, एहसान खान, इम्तियाज अंसारी, महिंदर यादव और अजय दास समेत कई लोग मौजूद थे।

गफार अंसारी ने कहा कि जामाडोबा बाजार भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र है। यहां अस्पताल, मेडिकल दुकानें, क्लीनिक और बड़ी संख्या में दुकानें हैं। जीतपुर, पेटिया, पाथरबंगला, भूतगड़िया सहित आसपास के गांवों से लोग शाम के समय बाजार करने आते हैं। ऐसे में शाम के समय हाइवा की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। कई बार हाइवा से लोगों के घायल होने और विकलांग होने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

उन्होंने और बताया कि आगामी दिनों में दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे पर्व हैं। पर्व के समय बाजार में भीड़ और बढ़ जाएगी, इसलिए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शाम चार बजे से रात नौ बजे रात तक हाइवा का परिचालन पूरी तरह बंद किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रबंधन के अधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वरीय अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान की पहल की जाएगी। गफार अंसारी ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो भाजपा चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसमें चक्का जाम और जेल भरो आंदोलन तक शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *