झरिया । श्री नागदेवी देव स्थान, भगा मोड़, धनबाद में आयोजित 34वें वार्षिक श्री नाग पंचमी महोत्सव के प्रथम दिन रविवार, 16 अगस्त को धार्मिक अनुष्ठानों एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गणेश पूजन से हुआ। गणेश पूजन में श्री श्याम सुंदर अग्रवाल सह पत्नी श्रीमती प्रतिमा अग्रवाल तथा श्री वैभव अग्रवाल सह पत्नी श्रीमती रूपल अग्रवाल ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात विधि-विधान से 11 गौ माताओं का पूजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल हुए धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा व अभिषेक सिंह । वहीं कार्यक्रम में शामिल हुए जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने पूजा – अर्चना कर पूरे कोयलांचलवासियों के लिए मंगल कामना किया ।

महोत्सव के अंतर्गत ध्वजा-तोरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें श्री रमेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।

इसके बाद हवन पूजन का आयोजन हुआ। हवन में पियूस अग्रवाल एवं पत्नी शर्मिका अग्रवाल, श्री राजकुमार अग्रवाल एवं पत्नी संग तथा बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने आहुति देकर विश्व कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

संध्या में जलेगी अखंड ज्योत, होगा विशाल भंडारा

महोत्सव के प्रथम दिन रविवार की संध्या में माँ की अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी तथा रात्रि में भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा। संलग्न कार्यक्रम-पत्र के अनुसार ज्योत प्रज्वलन रात्रि 7:30 बजे एवं भंडारा रात्रि 9:00 बजे से होगा।

भजन संध्या में देश के प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।

गौतम राठौर ने अपने भजनों से भक्तों का मन मोह लिया। उन्होंने “सावन की पंचमी का शुभ उत्सव आता है, प्यार तुम्हारा अम्मा की छाँव में लाता है” तथा “नाग पंचमी आई रे आई रे, छाई मस्त बहार” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।

वहीं गायक राजू सिंह अनुरागी ने “नागों वाली अम्मा तुमको आना होगा, भक्तों को दर्शन देना होगा” तथा “लाल चुनरिया सिर पे ओढ़ा दो, ममता की छाँव में मुझको बिठालो” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

पंकज सांवरिया ने “अम्मा को मना लो हर काम बन जाएगा” एवं “जिसके जपने से मिल जाए नंदलाला” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।

वहीं इंडियन आइडल के प्रतिभागी अभिषेक कुमार ने “माँ तेरे दरबार की निराली बात है” तथा “श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में भक्तिरस घोल दिया।

आयोजन को सफल बनाने में सभी का सहयोग

श्री नाग पंचमी महोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में श्री राजकुमार अग्रवाल, श्री रमेश अग्रवाल, श्री मुरारी अग्रवाल, श्री अनिल खेमका, श्री श्यामसुंदर मोदी, श्री अमित अग्रवाल, श्री रोहित जाजोदिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से रात्रि के ज्योत प्रज्वलन, भजन संध्या एवं भंडारे में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माँ नागदेवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *