भौंरा कोलियरी में कार्यरत थीं पानी मांझियाइन, पोस्टमार्टम सोमवार को
जोरापोखर। भौंरा कोलियरी में कार्यरत बीसीसीएल की 55 वर्षीय महिला कर्मी पानी मांझियाइन की रविवार शाम तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। मूल रूप से चंदनकियारी निवासी पानी मांझियाइन भौंरा कोलियरी में काम करती थीं। मृतिका की पुत्री संगीता ने बताया कि शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान मां के सीने में दर्द हुआ था। तब उन्हें भौंरा अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने दवा देकर आराम की सलाह दी थी। रविवार शाम को अचानक फिर से सीने में तेज दर्द उठा। परिजन तुरंत उन्हें भौंरा अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जियलगोड़ा क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना भौंरा ओपी पुलिस को दी गई। पुलिस ने जियलगोड़ा अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। घटना की खबर मिलते ही यूनियन प्रतिनिधि सबुर गोराई और वार्ड 48 के पार्षद अलीम अंसारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। पानी मांझियाइन की दो शादीशुदा बेटियां संगीता सोरेन, बसंती सोरेन और बेटा चरण किस्कु हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
