सरकारी जमीन पर अवैध मेला-दुकान के खिलाफ अंचलाधिकारी का बड़ा एक्शन

24 घंटे में बांस बल्ली का अतिक्रमण हटाने का नोटिस, वरना होगी कानूनी कार्रवाई

जोरापोखर। सिर्फ धनबाद जिले में नहीं पूरे झारखंड में बहुचर्चित डिगवाडीह सर्कस मैदान गणेश पूजा में लगने वाले मेले पर लगता है इस बार सरकारी ग्रहण लगना तय है। पिछले कई वर्षों से यहां लगने वाला मेला पूरे राज्य भर में चर्चा का विषय बनता आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार झरिया अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मेला और दुकान लगाने के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए गणेश पूजा कमिटी के सचिव मोहन यादव को 24 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि समय सीमा में आदेश का पालन नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व उप निरीक्षक और अंचल निरीक्षक की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि मौजा जोरापोखर – मौजा नंबर 110, खाता संख्या 832, प्लॉट संख्या 6481 की जमीन पर मोहन यादव द्वारा बांस-बल्ली लगाकर अवैध रूप से मेला और दुकानें सजाई जा रही थीं।

वर्तमान खतियान के अनुसार यह पूरी जमीन ‘गैर आबाद’ खाते की सरकारी संपत्ति है।

इस जमीन को सैरात घोषित करने के लिए झरिया अंचल कार्यालय ने पहले ही पत्र संख्या 848, दिनांक 11अगस्त 2026 के जरिए धनबाद नगर निगम को पत्राचार कर दिया है।

झारिया अंचल अधिकारी ने ज्ञापांक संख्या 849, दिनांक 11 अगस्त 2026 के तहत नोटिस जारी कर कहा है कि जब तक इस सरकारी जमीन की सैरात बंदोबस्ती यानी सरकारी टेंडर/नीलामी पूरी नहीं हो जाती, तब तक वहां किसी भी प्रकार का निर्माण या व्यावसायिक कार्य नहीं किया जाएगा।

नोटिस में कमिटी के मोहन यादव को 24 घंटे के भीतर बांस-बल्ली का अतिक्रमण हटाकर इसकी लिखित सूचना अंचल अधिकारी कार्यालय को देने का निर्देश दिया गया है।

वहीं कमिटी के सचिव मोहन यादव ने पत्र का जवाब देते हुए कहा कि उक्त जमीन पर कोई मेला या दुकान नहीं लगाया जा रहा है वहां 38वां श्री श्री गणेश महोत्सव के लिए
भब्य पंडाल निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जोरापोखर और झरिया क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। अंचल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *