मीटर रीडिंग और बिलिंग प्रक्रिया प्रभावित, कंपनी को दी चेतावनी
जोरापोखर। पिछले दस माह से मानदेय नहीं मिलने से नाराज ऊर्जा मित्रों ने मंगलवार को कार्य ठप कर दिया। ऊर्जा मित्रों ने तत्काल बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर कार्यपालक विद्युत अभियंता को पत्र लिखकर वेतन भुगतान होने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। इसके कारण विभाग की मीटर रीडिंग और बिलिंग प्रक्रिया प्रभावित हो गई है।
ऊर्जा मित्र भरत सिंह ने बताया कि हम सभी ऊर्जा मित्र डिगवाडीह, झरिया, सिंदरी, मुकुंदा क्षेत्रों में फ़्यूजियन सीएस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के तहत मीटर रीडिंग का कार्य करते हैं।
विगत दस माह से मासिक वेतन नहीं मिलने के कारण बच्चों के पठन-पाठन सहित घर की स्थिति दयनीय हो गई है। जब तक हम लोगों का बकाया वेतन भुगतान नहीं होता, तब तक हम लोग कार्य पर नहीं लौटेंगे।
ऊर्जा मित्रों के कार्य बहिष्कार से मीटर रीडिंग और बिल वितरण का काम रुक गया है। इससे उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ऊर्जा मित्रों ने पत्र में स्पष्ट किया है कि बकाया वेतन का भुगतान होने के बाद ही वे काम पर वापस लौटेंगे।
मौके पर अनिल ठाकुर, मुस्ताक अंसारी, प्रमोद सिंह, राजकुमार साव, बिनोद ठाकुर, दिनेश महतो, प्रकाश आचार्या सहित बड़ी संख्या में ऊर्जा मित्र उपस्थित थे।
