पाइपलाइन बिछाकर सार्वजनिक नल का उद्घाटन, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
जोरापोखर। वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रही बागड़ीगी बस्ती में सोमवार को वाटर बोर्ड का पानी पहुंच गया। कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह के प्रयास से बस्ती में पाइपलाइन बिछाकर सार्वजनिक नल लगाया गया। 25 वर्षों बाद बस्ती में नल से जलापूर्ति शुरू हुई है।
अनुपमा सिंह ने तालाब के पास लगे नल का नारियल फोड़कर और फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं पहले पानी का सेवन किया। इस दौरान सामुदायिक भवन के समक्ष पौधारोपण भी किया गया।
जलापूर्ति शुरू होने पर ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ अनुपमा सिंह का अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया।
बस्ती में पिछले 25 वर्षों से पाइपलाइन कनेक्शन नहीं था। बगल में चल रही आउटसोर्सिंग परियोजना में हैवी ब्लास्टिंग के कारण कुआं और चापानल का जलस्तर नीचे चला गया था, जिससे गंभीर जलसंकट उत्पन्न हो गया था।
पिछले दिनों ग्रामीणों ने नयन चक्रवर्ती के नेतृत्व में लोदना क्षेत्रीय कार्यालय का घेराव किया था। इसके बाद अनुपमा सिंह ने जीएम और सीएमडी से वार्ता कर तत्काल जलापूर्ति की मांग रखी। प्रबंधन ने आधा किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर सोमवार को आपूर्ति शुरू कर दी।
अनुपमा सिंह ने कहा, चुनाव के समय किया गया वादा पूरा किया। आगे बस्ती में नियमित बिजली और प्रेशर के साथ जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का प्रयास करूंगी।
मौके पर विद्युत अभियंता खुर्शीद आलम, सत्यपाल सिंह ब्रोका, शैलेंद्र महतो, विजय देव,
नयन चक्रवर्ती, पंकज दे, मलय चक्रवर्ती, राज कुमार, चमेली देवी, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
