अभिषेक मिश्रा

चासनाला । पवित्र श्रावण मास के दूसरी सोमवारी के अवसर पर सुदामडीह, पाथरडीह समेत पूरे कोयलांचल के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में हर हर महादेव और बोलबम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने चासनाला बाबा प्रेम नाथ शिव मंदिर, अजमेरा शिव मंदिर, बोल बम शिव मंदिर,मोहमबाजार शिव मंदिर,पंच देव शिव आदि मंदिरों में बाबा भोले नाथ का जलाभिषेक कर सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। दूसरी सोमवारी को लेकर मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना एवं जलाभिषेक का आयोजन किया गया था। श्रद्धालु अहले सुबह से ही हाथों में जल बेलपत्र,पुष्प एवं पूजन सामग्री लेकर मंदिर परिसर पहुंचने लगे। महिलाओं, युवाओं, बच्चों,बुजुर्गों में भी भगवान शिव के प्रति काफी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने विधि विधान से भगवान भोले का जलाभिषेक कर परिवार एवं समाज के कल्याण की प्राथना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *