पुलिस ने बीच-बचाव कर सामग्री वापस भिजवाई, टकराव टला
जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित डिगवाडीह सर्कस मैदान में इस वर्ष होने वाले 38वें गणेश महोत्सव की तैयारी को लेकर शनिवार देर रात विवाद खड़ा हो गया। विरोधी गुट द्वारा पूजा समिति को बिना जानकारी दिए मेला का सामान मैदान में गिरा दिए जाने से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर सामग्री वापस भिजवा दी।
जानकारी मिलते ही जोरापोखर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मेला सामग्री को वापस भिजवाया, जिसके बाद टकराव टल गया।
पूजा समिति का कहना है कि पिछले दो साल से पूजा के बाद बची राशि से भव्य गणेश मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर का ढांचा तैयार है और अगले दो साल में प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह मंदिर जिले का ऐतिहासिक और भव्य गणेश मंदिर बनेगा।
समिति ने बताया कि मेला संचालन के लिए जमीन रैयत सुनील मरांडी से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी लिया गया है।
वहीं विरोधी गुट के मेला संचालक पवन प्रजापति का दावा है कि जमीन मालिक ने उन्हें उक्त जमीन दस साल के लिए लीज पर दी है।
इस बीच जमीन रैयत सुनील मरांडी ने आज थाना में आवेदन देकर स्वीकार किया कि डिगवाडीह में गणेश महोत्सव के दौरान मेला संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र उन्होंने गणेश पूजा कमिटी के अध्यक्ष जगजीवन राम एवं सचिव मोहन यादव वाली कमिटी को दिया है। अब आगे यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेती है।
