दो डाक बम भी शामिल, 40 वर्षों से चली आ रही परंपरा
जोरापोखर। डिगवाडीह बालू लाइन से रविवार की शाम श्री श्री भोले भक्त मंडली के 75 कांवरियों का जत्था गाजे-बाजे के साथ बाबा धाम देवघर के लिए रवाना हुआ। जत्थे में दो डाक बम भी शामिल हैं।
रवाना करने से पहले वार्ड 40 की पार्षद काजल कुमारी, किन्नर समाज के प्रदेश सचिव स्वेता किन्नर और पार्षद प्रतिनिधि सुजीत कुमार सिंह ने सभी कांवरियों का अंगवस्त्र एवं चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया और उनकी सफल यात्रा के लिए भगवान भोलेनाथ से कामना की।
मंडली का नेतृत्व कर रहे मंटू पांडेय ने बताया कि इस स्थान से पिछले 40 वर्षों से लगातार कांवरियों का जत्था बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक करने देवघर जाता है।
उन्होंने बताया कि इस बार के जत्थे में दो डाक बम भी हैं। दीपक कुमार 17 घंटे और चंदन कुमार 22 घंटे में सुल्तानगंज से जल भरकर बाबा का जलाभिषेक करेंगे।
गाजे-बाजे और “बोल बम” के जयकारों के बीच कांवरियों को डिगवाडीह क्षेत्र से रवाना किया गया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा।
इस अवसर पर मनोज गुप्ता, विशाल सिंह, शशि भारती, हिमालय राम, कुशहर यादव, राजू कुंडू, प्रमोद साव, किरण देवी, रेखा देवी, बेबी देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
