जंगल में छिपाकर रखा गया था कोयला, तस्कर मौके से फरार
जोरापोखर।जोरापोखर थाना क्षेत्र के बागडिगी छठ तालाब के निकट जंगल में सीआईएसएफ ने शनिवार को छापेमारी कर लगभग 25 टन अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए।
सीआईएसएफ के निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झाड़ीनुमा जंगल में अवैध रूप से कोयला एकत्रित कर रखा गया है।
सूचना मिलते ही दर्जनों की संख्या में सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कोयला तस्कर जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए।
टीम ने मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर बिखरे हुए कोयले को एकत्रित किया। कुल करीब 25 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
जब्त कोयले को आगे की कार्रवाई के लिए बीसीसीएल को सुपुर्द कर दिया गया है।
निरीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि इलाके में अवैध कोयला कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।
