विवाद के बाद दर्जनों युवकों ने किया हंगामा, दो आरोपी हिरासत में
जोरापोखर। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा अम्बेडकर चौक के समीप मामूली विवाद ने बड़े हंगामे का रूप ले लिया। यहां कुछ युवकों ने स्थानीय दुकानदार शम्भू यादव के साथ मारपीट कर उनकी दुकान में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और दो युवकों को हिरासत में लिया है।
पीड़ित दुकानदार शम्भू यादव ने बताया कि रमजानपुर के कुछ युवक उनकी दुकान पर सामान लेने आए थे। सामान के लेन-देन को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते बढ़ गई।
आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दर्जनों की संख्या में युवक पहुंच गए और दुकानदार के साथ मारपीट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
घटना के बाद अम्बेडकर चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत जोड़ापोखर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान पुलिस ने हंगामा कर रहे दो युवकों को पकड़कर थाने ले आई, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति सामान्य है।
