धनबाद । धनबाद थाना क्षेत्र के कुसुम विहार स्थित बीसीसीएल कॉलोनी में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई । स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया । जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का इलाज जारी है। मृतक युवक की पहचान अमन कुमार (20) के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला सोनी रवानी हैं। दोनों करीब एक वर्ष पहले झरिया के अग्नि प्रभावित भौंरा 12 नंबर इलाके से विस्थापित होकर कुसुम विहार बीसीसीएल कॉलोनी में रहने आए थे। दोनों बिल्डिंग के ऊपर छत पे पानी भर रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गए।
