बलियापुर प्राथमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग, मची अफरा- तफरी, छात्रों को निकाला गया सुरक्षित
झरिया । बलियापुर थाना क्षेत्र के नया प्राथमिक विद्यालय हरिबोल थान (मुकुंदा) में शुक्रवार को मिड डे मील बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर से आग की तेज लपटें उठने लगीं और पूरे विद्यालय में अफरा- तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार के बीच प्रधानाध्यापक, पंचायत समिति सदस्य और ग्रामीणों की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जलते सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर कर आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
छात्रों को सुरक्षित निकाला गया बाहर,,,,,
विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही विद्यालय परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बच्चे डरकर कक्षाओं से बाहर निकलने लगे। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो ने तत्काल सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
इसी बीच मुकुंदा पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए डंडे की सहायता से जलते गैस सिलेंडर को विद्यालय परिसर से बाहर कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी, बालू और भीगे हुए बोरे की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। एहतियात के तौर पर बिना मध्याह्न भोजन कराए ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई।
हीरालाल मोदक ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली, मैं तुरंत विद्यालय पहुंचा। वहां देखा कि एमडीएम बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगी हुई थी और बच्चे डरे हुए थे। सबसे पहले सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद जलते सिलेंडर को बाहर कर ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई गई। यह सिलेंडर आज ही मंगाया गया था। आग लगने के कारणों की जांच होनी चाहिए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
