अभिषेक मिश्रा

चासनाला । पाथरडीह थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ बीसीसीएल कर्मी आसिफ जावेद को जान से मारने की नीयत से एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। सबसे सनसनीखेज बात यह है कि यह पूरी ख़ूनी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार चासनाला प्रोजेक्ट में कार्यरत आसिफ जावेद 24 जुलाई की दोपहर ड्यूटी पर निकले थे। शाम को अचानक परिजनों को खबर मिली कि उनका भयानक एक्सीडेंट हो गया है। पहले तो मामला एक आम सड़क हादसे का लग रहा था, लेकिन बोकारो बीजीएच के इमरजेंसी वार्ड में जब होश आने पर पीड़ित आसिफ ने अपनी पत्नी हाजरा खातून को सच बताया, तो सब हैरान रह गए। आसिफ ने बताया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि बिरेन्द्र महतो और उसके एक साथी ने जानबूझकर अपनी गाड़ी से उन्हें रौंदने की कोशिश की थी। आसिफ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पीड़िता पत्नी ने पाथरडीह थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश और छानबीन तेज़ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *