पिता-पुत्र सहित एक नावालिग हिरासत में, 6 माह में 10 भैंस चोरी का आरोप

जोरापोखर । जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा शास्त्री नगर में रविवार को ग्रामीणों ने भैंस चोरी के आरोप में एक पिता, उसके पुत्र और एक नाबालिग किशोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पिछले 6 महीने में इलाके से करीब 10 भैंस चोरी होने से ग्रामीणों में आक्रोश था। जानकारी के अनुसार जामाडोबा शास्त्री नगर निवासी इंद्रदेव यादव और प्रेमन यादव की भैंस कुछ दिन पहले चोरी हो गई थी। दोनों कई दिनों से भैंस की खोजबीन कर रहे थे। सूचना मिली कि जामाडोबा अयोध्या नगरी निवासी कृष्णा यादव के घर में उनकी भैंस देखी गई है। जब ग्रामीण कृष्णा यादव के घर पहुंचे तो उसने भैंस होने से इनकार कर दिया। आसपास के लोगों के जुटने पर कृष्णा यादव, उसका पुत्र पवन यादव और एक नाबालिग किशोर ग्रामीणों से हाथापाई करने लगे। इसके बाद ग्रामीणों ने घर में घुसकर तलाशी ली तो वहां एक भैंस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य भैंस को बेच देने की बात स्वीकार की। ग्रामीणों ने तीनों को पकड़कर जोरापोखर पुलिस को सौंप दिया।

जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया, जामाडोबा शास्त्री नगर से सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने तीन भैंस चोरों को पकड़ा है। तीनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले लगभग 6 महीने में क्षेत्र से करीब 10 भैंस चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी से पशुपालकों में भारी आक्रोश है। रविवार की घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *