“सम्मान लोकतंत्र का सम्मान है” : अशोक शर्मा
झरिया । समाज और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित “जनध्वनि सम्मान 2.0” बुधवार को श्री अग्रसेन भवन, लक्ष्मीनिया मोड़, झरिया में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
यह आयोजन झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष श्री अरुण गुप्ता जी के सम्मान में आयोजित सूचना एवं जनसंपर्क समाज सम्मान कार्यक्रम के तहत किया गया। समारोह में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में इस अवसर पर केक भी काटा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अशोक शर्मा जी, विशिष्ट अतिथिगण श्री राजीव सांवतिया, श्री महेश शर्मा, श्री विशाल पलसानिया, अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा तथा कार्यक्रम संयोजक श्री दिनेश शर्मा जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अशोक शर्मा जी ने अपने संबोधन में कहा कि, “पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं। वे केवल घटनाओं की जानकारी ही नहीं देते, बल्कि समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और सकारात्मक बदलाव लाने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। आज जब पत्रकारिता अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है, तब भी पत्रकार निष्पक्षता और जनहित की भावना के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं। ऐसे कर्मयोगी पत्रकारों का सम्मान वास्तव में लोकतंत्र और समाज के मूल्यों का सम्मान है।”
उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करते हैं।
मंच की अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आत्मा हैं। वे समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हैं। ऐसे कर्मनिष्ठ पत्रकारों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
कार्यक्रम संयोजक श्री दिनेश शर्मा ने कहा कि “जनध्वनि सम्मान” का पहला संस्करण भी अत्यंत सफल रहा था। उसी सफलता और उत्साह को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष “जनध्वनि सम्मान 2.0” का आयोजन और अधिक भव्य एवं गरिमामय स्वरूप में किया गया। उन्होंने सभी पत्रकारों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पत्रकारिता के सम्मान और समाजहित से जुड़े ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन निक्की अग्रवाल ने किया सचिव सन्नी अग्रवाल, संयोजक दिनेश शर्मा, सह-संयोजक हितेन शर्मा, अनूप नोटका, नीतू नोटका, अंकित तुलस्यान, पंकज जालुका, संयुक्त सचिव मयंक केजरीवाल, हर्ष अग्रवाल , अरविंद शर्मा सहित मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों, सम्मानित पत्रकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
