विश्वजीत चटर्जी

ऑल इंडिया में 18000 रैंक लाकर क्षेत्र का नाम किया रोशन

जोरापोखर। जियलगोरा सात नंबर निवासी रविशंकर साव उर्फ लल्लू साव की बेटी प्रियंका कुमारी ने नीट परीक्षा 2026 में 578 अंक लेकर ऑल इंडिया में 18000 रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत से मिली इस सफलता से परिवार और पूरे जियलगोरा में खुशी का माहौल है। प्रियंका ने बताया कि डॉक्टर बनना उनका बचपन का सपना था। घर की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद उन्होंने लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखी और लक्ष्य हासिल किया । मां सीमा देवी ने कहा, प्रियंका बचपन से ही डॉक्टर बनना चाहती थी। अब अच्छे रैंक आने से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। हमें अपनी बेटी पर गर्व है।

प्रियंका की सफलता पर दादा नंदलाल साव और दादी प्रमिला देवी ने भी खुशी जताई। स्थानीय लोगों, शिक्षकों, डीएवी स्कूल प्रबंधन और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रियंका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने अन्य छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए कहा, मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कभी हार मत मानो।क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रियंका भविष्य में एक अच्छी डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *