विश्वजीत चटर्जी

जमीन दिलाने के नाम पर की थी धोखाधड़ी, जोरापोखर पुलिस ने की कार्रवाई

जोरापोखर। धनबाद साइबर थाना में पदस्थ महिला पुलिस निरीक्षक उषा रानी के स्व0 पति से जमीन खरीदने के नाम पर एक करोड़ दस लाख रुपये की ठगी करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कुमुद कुमार को जोरापोखर पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मामला पिछले वर्ष 2025 का है। धनबाद साइबर थाना की पुलिस निरीक्षक सह भूलन बरारी निवासी उषा रानी के पति को रांची में जमीन खरीदने के नाम पर चार लोगों ने अपने झांसे में लिया। आरोपियों ने रांची में फर्जी जमीन दिखाकर उनसे किश्तवार में एक करोड़ दस लाख रुपये ले लिए। समय बीत जाने के बाद भी जमीन की रजिस्ट्री न होने और फिर पैसा वापस न होने पर उषा रानी को ठगी का अहसास हुआ।

थक-हार कर निरीक्षक उषा रानी ने जोरापोखर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनके बयान पर जोरापोखर थाना में कांड संख्या 54/25 दर्ज किया गया। इस मामले में कुमुद कुमार, मनोज कुमार, आशा कुमारी, आलोक आर्या को अभियुक्त बनाया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस कांड के अन्य आरोपी मनोज कुमार, आशा कुमारी और आलोक आर्या न्यायालय से जमानत पर बाहर हैं। वहीं घटना का मुख्य साजिशकर्ता कुमुद कुमार, जो जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र, रांची का रहने वाला है, गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था।

जोरापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी की लोकेशन पटना में ट्रेस की। बुधवार को कोतवाली थाना, पटना क्षेत्र से कुमुद कुमार को दबोच लिया गया। गुरुवार को उसे धनबाद लाकर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह द्वारा अन्य लोगों को भी निशाना बनाए जाने की आशंका है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *