विश्वजीत चटर्जी

पाथर बांग्ला में बैठक कर बनाया एकता मंच, 1 जुलाई को बेकार बांध में होगा संघर्ष का ऐलान

जोरापोखर। धनबाद नगर निगम के अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों में पार्षदों की उपेक्षा से नाराज होकर रविवार देर शाम वार्ड 41 के आयुष्मान केंद्र पाथर बांग्ला में पार्षदों ने बैठक कर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बैठक में लगभग 22 पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता वार्ड संख्या 13 की पार्षद कर्मी देवी तथा संचालन वार्ड संख्या 10 के पार्षद देवाशीष पासवान ने किया। बैठक में पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम में पार्षदों द्वारा उठाई जाने वाली वार्ड की जनसमस्याओं को मेयर और नगर आयुक्त द्वारा नहीं सुना जा रहा है। सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने के बजाय कटौती की जा रही है। विकास कार्यों में पार्षदों की भूमिका की उपेक्षा की जा रही है। पार्षदों ने कहा कि वार्डों में साफ सफाई, नाली, सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्य नहीं होने के कारण लोगों के आक्रोश का सामना पार्षदों को करना पड़ रहा है। आरोप लगाया गया कि मेयर भी पार्षदों की समस्या सुनने के बजाय निगम के अधिकारियों और कर्मियों की ही सुनते हैं, जिससे वार्ड में समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
बैठक में पार्षदों ने वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर एकता मंच बनाने का निर्णय लिया। तय किया गया कि बोर्ड की बैठक से पहले डिप्टी मेयर के नेतृत्व में 1 जुलाई को बेकार बांध में बैठक कर अपने अधिकार के लिए संघर्ष किया जाएगा। बैठक में निसार आलम, जय कुमार, सुनीत कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह, अनुरंजन सिंह, मुनिलाल रविदास, संजय यादव, आफताब आलम, अजीत महतो, निरंजन कुमार, बीरेंद्र यादव, रश्मि राज, शमीम अख्तर समेत अन्य पार्षद और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *