झरिया । गुरुवार को धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस और नमक कंपनी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कथित अवैध नमक पैकिंग गोदाम का भंडाफोड़ किया है । आरोप है कि यहां साधारण नमक को कंपनी के नाम के रैपर में पैक करके बाजार में बेचा जाता था । इस कार्रवाई में मौके से भारी मात्रा में नमक, फर्जी पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गई हैं । मामले में गोदाम संचालक शुभम अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है । यह कार्रवाई धनसार थाना क्षेत्र के भूदा स्थित गुरुनानक कॉलेज के समीप एक गोदाम में की गई है । सूचना मिलने पर नमक कंपनी के प्रतिनिधि अंजन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की । जांच के दौरान बड़ी मात्रा में साधारण नमक, कंपनी के रैपर में पैक तैयार पैकेट, खाली रैपर तथा पैकिंग मशीनें बरामद हुई । आशंका है कि साधारण नमक को नामी ब्रांड के पैकेट में भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था । कंपनी के प्रतिनिधि अंजन कुमार ने बताया कि इस अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन के माध्यम से मिली थीं, इसके बाद छापेमारी की गई । उनके अनुसार गोदाम का संचालन शुभम अग्रवाल कर रहा था और बड़े पैमाने पर कंपनी नमक के नाम से कथित तौर पर नकली उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे थे । छापेमारी के दौरान बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है । वहीं पुलिस का कहना है कि कंपनी के प्रतिनिधि की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली पैकिंग का यह कारोबार कब से चल रहा था तथा इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
जांच में जुटी पुलिस,,,,,
फिलहाल पुलिस जब्त किए गए नमक और पैकिंग सामग्री की जांच कर रही है । साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है । यदि आरोप सही पाए गए तो यह मामला न केवल ट्रेडमार्क उल्लंघन बल्कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का भी गंभीर मामला साबित हो सकता है ।
