विश्वजीत चटर्जी
बरारी में हैवी ब्लास्टिंग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर रोकी ओबी ढुलाई
पीओ के आश्वासन पर चार घंटे बाद हटा जाम, प्रबंधन को दी अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के बरारी एवं ब्राह्मण बरारी बस्ती में सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना में हो रही हैवी ब्लास्टिंग के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। इश्तियाक अंसारी, बिकु पासवान एवं सरेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने एक नंबर चौक के पास मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे परियोजना से होने वाली ओबी ढुलाई पूरी तरह ठप हो गई और खनन कार्य भी प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि डीजीएमएस के प्रावधानों को ताक पर रखकर परियोजना में हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है। इससे बरारी एवं ब्राह्मण बरारी बस्ती के घरों में भारी कंपन होता है। कंपन के कारण कई घरों में दरारें पड़ गई हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मोदीभिट्ठा के ग्रामीणों की जमीन का जबरन अधिग्रहण कर विस्थापन के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
सड़क जाम के कारण चार घंटे तक ओबी ढुलाई बंद रही। इससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। सूचना मिलने पर जोरापोखर थाना की पुलिस एवं सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से वार्ता कर जाम हटाने की अपील की। लेकिन ग्रामीण प्रबंधन से ठोस आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। इस बीच परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार ने फोन पर ग्रामीण नेताओं से वार्ता की। उन्होंने कहा कि वे अभी बाहर हैं। वापस आने के बाद ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। पीओ के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सरेश चक्रवर्ती, इश्तियाक अंसारी एवं बिकु पासवान ने कहा, परियोजना प्रबंधन बस्ती के लोगों के साथ मानव विरोधी कार्य कर रही है। हैवी ब्लास्टिंग से हमारे घर टूट रहे हैं। अगर प्रबंधन ने हैवी ब्लास्टिंग पर रोक नहीं लगाई तो अगली बार परियोजना को अनिश्चितकालीन बंद कर दिया जाएगा।इस मौके पर चांदों पासवान, राजा अंसारी, अनुज पासवान, भोलू अंसारी, बबलू यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
