धनबाद । गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश यादव गोधर स्थित आटा मिल में पिछले कई वर्षों से काम कर रहे थे और मिल के पैसा कलेक्शन का काम संभालते थे। रविवार को भी वह ग्राहकों से पैसे लेकर अपनी बाइक से वापस मिल लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों के चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतक के भाई राजेश यादव ने आशंका जताई कि वारदात किसी पुरानी रंजिश के कारण हुई है या फिर लूट की नीयत से हत्या की गई है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। वहीं आटा मिल मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव पिछले 7-8 सालों से उनके मिल में काम कर रहे थे और पैसा कलेक्शन का काम देखते थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह पैसे कलेक्शन के लिए निकले थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास कितनी रकम थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। केंदुआडीह थाना इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में जांच जारी है। पुलिस आपसी रंजिश, लूट और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ।
