धनबाद। धनबाद थाना क्षेत्र के चांचनी कॉलोनी स्थित व्यवसायी जितन अग्रवाल के बंगले में कार्यरत निजी गार्ड अनिल कुमार सिंह (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने 15 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया और बंगले परिसर में ही धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक अनिल कुमार सिंह ठाकुर कुल्ही के निवासी थे और पिछले लगभग 20 वर्षों से उक्त बंगले में निजी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार वह वहीं रहकर 24 घंटे ड्यूटी करते थे। गुरुवार सुबह परिवार को फोन कर बंगले पर बुलाया गया, लेकिन उन्हें अनिल की मौत की जानकारी पहले नहीं दी गई। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें मृत अवस्था में पाया।
मृतक के चचेरे भाई कमलेश सिंह ने दावा किया कि अनिल के कान और मुंह से खून निकल रहा था, जिससे मौत को लेकर संदेह पैदा हो गया है। उनका कहना है कि यदि अनिल की तबीयत बिगड़ी थी तो समय रहते परिवार को सूचना दी जानी चाहिए थी, ताकि उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा सके। उन्होंने आशंका जताई कि या तो कोई अनहोनी हुई है या लापरवाही के कारण उनकी मौत हुई है। राजद नेता गणेश यादव ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, शव बंगले परिसर से नहीं उठाया जाएगा।
वहीं धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
ऋषि कुमार प्रजापति श्रम प्रबंधक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृश्य में नेचुरल डेथ लग रहा है लेकिन पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही वजह पता चलेगा और नियमसंगत कार्यवाही की जाएगी ।
