झरिया । मंगलवार को बीसीसीएल के इजे एरिया में एक दुखद मामला सामने आया, जहां ड्यूटी ज्वाइन करने के महज चार घंटे बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पारबाद निवासी रंजीत कुमार महथा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रंजीत कुमार महथा को अपनी दिवंगत मां मृदुला देवी के स्थान पर कंपनी के नियमानुसार अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। मंगलवार को उसने इजे एरिया में अपने कार्य का पहला दिन शुरू किया और हाजिरी बनाने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान उसका शव मोहलबनी ग्राउंड के समीप सड़क किनारे पड़ा मिला।सूचना मिलने पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की जेब से बीसीसीएल इजे एरिया में नियुक्ति पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्र बरामद हुए। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और रंजीत को सेंट्रल अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि रंजीत की शादी आगामी नवंबर माह में होने वाली थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां मृदुला देवी लोदना क्षेत्र के जिनागोरा में स्विच मजदूर के पद पर कार्यरत थीं और उनके निधन के बाद रंजीत को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस संबंध में भुवन रवानी तथा सुदर्शन प्रसाद ने बताया कि प्रबंधन के साथ मुआवजा एवं अन्य मांगों को लेकर वार्ता की जाएगी। वहीं चर्चा है कि पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को इजे एरिया कार्यालय गेट के बाहर रखकर धरना-प्रदर्शन कर सकते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *