धनबाद । तोपचांची थाना क्षेत्र में हुई एक घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। कोटालडीह गांव की रहने वाली 22 वर्षीय सरस्वती कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसके साथ मौजूद युवक श्रीकांत कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, सरस्वती कुमारी रविवार की शाम अपने परिचित श्रीकांत कुमार के साथ बिना परिजनों को बताए घर से निकल गई थी। बताया जाता है कि दोनों महुदा क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात परिस्थिति में दोनों हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलने पर सोमवार को रेलवे कर्मियों और पुलिस की मदद से घायल युवती को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सरस्वती के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और उसका इलाज जारी है। वहीं, घटना में घायल हुए श्रीकांत कुमार की मौत हो चुकी है। युवती के पिता ने बताया कि उन्हें अस्पताल से फोन कर घटना की जानकारी दी गई थी, उन्होंने कहा कि उनकी बेटी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है, जबकि उसके साथ गया युवक अब इस दुनिया में नहीं रहा। फिलहाल घटना को लेकर रहस्यमयी स्थिति बनी हुई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंचे, हादसा कैसे हुआ और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *