डायल 112 की बाइक टीम ने संवेदनशील इलाकों में किया गश्त, शांति और भाईचारे की अपील

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर : सिटी एसपी

आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में नजर आ रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार सोमवार को सिटी एसपी श्री ऋतविक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान डायल 112 की बाइक टीम, पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने जिले के विभिन्न शहरी एवं संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर आम लोगों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए बकरीद पर्व मनाने की अपील की।

फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरा। पुलिस अधिकारियों ने जगह-जगह रुककर स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों से संवाद किया तथा त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास कायम करना तथा असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सिटी एसपी श्री ऋतविक श्रीवास्तव ने कहा कि धनबाद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी धार्मिक भावना को आहत करने वाली गतिविधियों से बचें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, भ्रामक सूचना, अफवाह या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले संदेश साझा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की विशेष टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी कर रही है।

सिटी एसपी ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। इसके अलावा त्वरित कार्रवाई के लिए क्यूआरटी (Quick Response Team) की विशेष तैनाती की गई है, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। डायल 112 की टीमों को भी लगातार गश्त और निगरानी का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि धनबाद हमेशा से आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है तथा उम्मीद है कि इस बार भी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद का पर्व मनाएंगे। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को डायल 112 पर देने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *