अभिषेक मिश्रा

चासनाला । रविवार को झरिया के डिगवाडीह में 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा । भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने डिगवाडीह बिजली स्टेशन का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर झरिया विधायक रागिनी सिंह भी मौके पर पहुंचीं और विभागीय अधिकारियों को जल्द बिजली बहाल करने का निर्देश दिया। विधायक ने झारखंड सरकार और विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए। झरिया क्षेत्र में लगातार 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से पेयजल संकट गहरा गया और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने डिगवाडीह बिजली स्टेशन पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और स्टेशन का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर झरिया विधायक रागिनी सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि आम जनता को घंटों बिजली संकट में छोड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने व्यवस्था में सुधार करने और जल्द समाधान निकालने की बात कही। साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से बिजली चोरी कराई जा रही है। वहीं बिजली विभाग की ओर से तकनीकी खराबी के कारण बिजली बाधित होने की बात कही गई है। विभाग ने जल्द आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *