धनबाद । धनबाद थाना क्षेत्र के चिरागोड़ा में मंगलवार की अहले सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान माडा कॉलोनी निवासी राजेश रवानी ( 42 ) के रूप में हुई है। वही मामले की जानकारी मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुँच गई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टयता में युवक की हत्या की आशंका जताई है। मृतक का घर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है, शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जुट गए । घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को लेकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया । मृतक के भाई ने बताया कि राजेश हीरापुर हटिया में मोबाइल की दुकान चलाते थे । रविवार रात उनकी मोबाइल पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया । परिजनों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका । परिजनों का आरोप है कि स्थानीय दुकानदारों ने बताया था कि एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचकर राजेश को जान से मारने की धमकी देकर गया था । इस सूचना के बाद वे धनबाद थाना पहुंचे थे लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मीयों ने उन्हें सुबह 8 बजे आने को कहा, परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर सक्रिय होती तो शायद राजेश की जान बचाई जा सकती थी । सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है ।
