धनबाद। मंडल कारा में बंद विचाराधीन कैदी जीतन रजवार की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन SNMMCH पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में शव रखा गया था। शव देखते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
मृतक के पिता नरेश रजवार ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए जेल में हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जीतन ने पहले ही परिवार को बताया था कि एक प्रभावशाली व्यक्ति, जिसकी पुलिस में अच्छी पहुंच है, ने उसे जेल के अंदर जान से मारने की धमकी दी थी। नरेश रजवार के अनुसार, उनका बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी अचानक मौत कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आशंका जताई कि जेल के भीतर साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *