अभिषेक मिश्रा
बिना सूचना घंटों गुल रहती है बिजली, मिस्त्रियों की मनमानी से लोग परेशान
चासनाला । डिगवाडीह क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा धनबाद महानगर विद्युत आपूर्ति अभियंता, डिगवाडीह को पत्र सौंपकर अविलंब व्यवस्था सुधारने की मांग की है। झामुमो नेता मदन राम ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो जन आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और कार्यालय घेराव किया जाएगा।
बच्चे-बुजुर्ग बेहाल, मरीज परेशान
झामुमो नेता मदन राम ने पत्र में कहा कि डिगवाडीह में आए दिन घंटों बिजली गुल रहती है। वह भी बिना किसी पूर्व सूचना के। गर्मी में बिजली कटने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आम उपभोक्ताओं का कामकाज भी ठप हो रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पत्र में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र के लोगों ने कई बार मौखिक और दूरभाष पर विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों से शिकायत की, लेकिन विभाग ने कोई ठोस पहल नहीं की। विभागीय उदासीनता से लोगों में भारी आक्रोश है।
मिस्त्रियों पर मनमानी का आरोप
मदन राम ने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत कुछ मिस्त्री मनमानी कर रहे हैं। शिकायत करने पर समय पर काम नहीं होता और उपभोक्ताओं से सहयोगात्मक व्यवहार भी नहीं किया जाता। इससे विभाग के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
आंदोलन की चेतावनी
झामुमो ने साफ कहा कि अगर बिजली आपूर्ति में तुरंत सुधार नहीं हुआ और मनमानी करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता क्षेत्र की जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे। धरना-प्रदर्शन और विभागीय कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जवाबदेही विभाग की होगी।
झामुमो ने सहायक अभियंता से डिगवाडीह में नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
