धनबाद । पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के उकमा पंचायत अंतर्गत कोरैया गांव में, जहरीले सांप के काटने से दो सगे मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों में दिहाड़ी मजदूर श्यामलाल सोरेन की 6 वर्षीय बेटी सोरेन महिमा और 4 वर्षीय बेटा रितेश सोरेन शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मां सिमोली सोरेन तथा दोनों मासूम बच्चे महिमा सोरेन (7) और रितेश सोरेन (4) अपने घर मे जमीन पर सोए हुए थे। इसी दौरान मध्य रात्रिको विषैले सांप ने दोनों को डंस लिया। रात के अंधेरे में परिजनों को इस बात की भनक तक नहीं लग सकी। सुबह जब दोनों बच्चों के मुंह से अचानक झाग निकलने लगा, तब जाकर मां को किसी अनहोनी का अहसास हुआ। बदहवास परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को लेकर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत की खबर से पूरा गांव में मातम पसर गया, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक बच्चों के पिता तमिलनाडु में काम करते हैं ।बच्चों के निधन की खबर उन्हें भी फोन कर दे दी गई है ।
