निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के छात्र संगठन के नेतृत्व में आज नीट पेपर लीक मामले और बढ़ती महंगाई के विरोध में शहर में विरोध रैली निकाली गई। रैली जेएमएम जिला कार्यालय से शुरू होकर इंद्रा चौक पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। रैली और पुतला दहन कार्यक्रम में झामुमो के कई कार्यकर्ता एवं छात्र संगठन के सदस्य मौजूद रहे।
इस दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संगठन सड़क पर उतरा है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों के हित में संगठन सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को तैयार है।
वहीं कमिटी के सचिव परेश यादव ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने “बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार” का नारा दिया था, लेकिन सरकार बनने के बाद महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में अब तक कई पेपर लीक मामले सामने आ चुके हैं, जिससे युवाओं और छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
पार्टी के केंद्रीय सदस्य अशोक मंडल ने भी नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *