धनबाद। जिले के ब्लड बैंकों के ड्राई पड़ने से उत्पन्न हालात से निपटने तथा एसएनएमएमसीएच और स्वैच्छिक रक्तदाता संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर शुक्रवार को अधीक्षक कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक डॉ. गिंदोडिया ने की। बैठक में मुख्य रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, नए रक्तदाताओं को जागरूक करने, स्वैच्छिक रक्तदाता संस्थाओं को सहयोग प्रदान करने, निजी ब्लड बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के महत्व और आवश्यकता के प्रति लोगों को जागरूक करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जन अधिकार मंच के अध्यक्ष रंजीत कुमार ने नए क्षेत्रों को चिन्हित कर रक्तदान जागरूकता अभियान चलाने तथा इसके लिए एक प्रभावी एसओपी तैयार करने का सुझाव दिया। वहीं गोपाल भट्टाचार्य ने रक्तदाता संस्थाओं को प्रोत्साहित करने और सरकार के स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में ब्लड बैंक प्रभारी सहित रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव कौशलेंद्र सिंह, बेनजीर, सौरभ सिंह, अनिता अग्रवाल, ब्लड बैंक के टेक्नीशियन संजीव कुमार, अशोक कुमार, गुणाधर एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने रक्त संकट से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
