धनबाद । सरायढेला थाना क्षेत्र के प्रेमसन होंडा सर्विस सेंटर के समीप रहने वाले व्यवसायी सुरेन्द्र अग्रवाल के आवास पर देर रात अज्ञात अपराधियों ने बम फेंक कर दहशत फैलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि बम फटा नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद से क्षेत्र में अफरा – तफरी और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सरायढेला थाना के एसआई अनूप कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बम को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा भी घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। बताया जा रहा है कि वर्ष 2010 में भी सुरेन्द्र अग्रवाल के घर डकैती की बड़ी घटना हो चुकी है। अब एक बार फिर इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। देर रात व्यवसायी सुरेन्द्र अग्रवाल के घर के बाहर बम फेंके जाने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बम को सुरक्षित कब्जे में लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद धनबाद विधायक राज सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी ।
