कुमार अजय
कतरास । गुरुवार को ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, हादसे में बोरवेल गाड़ी में काम करने वाले मजदूर की मलवे में दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई । स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी को लेकर बोरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बोरवेल गाड़ी में कार्यरत मजदूर लक्ष्मण हांसदा पास में शौच के लिए गया था। तभी वहां मौजूद करीब 30 फीट ऊंची दीवार अचानक गिर गई, जिससे मजदूर मलबे में दब गया। हादसे के बाद आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकाला। हालांकि तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय लक्ष्मण हांसदा के रूप में हुई है। वह पूर्वी सिंहभूम जिले के जोबा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है और बोरवेल गाड़ी में मजदूरी का काम करता था। घटना के बाद साथी मजदूरों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
