धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी मैदान के समीप मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धोवाटांड़ बनकाली मंदिर बरमसिया निवासी जीतेश रवानी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार, जीतेश रवानी बाहर रहकर कैटरिंग का काम करता था और पिछले सप्ताह ही धनबाद लौटा था। मृतक के चाचा टूटुन कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे उनकी जीतेश से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उसने थोड़ी देर में घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन देर रात करीब 1 बजे तक फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं किया।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के चाचा ने बताया कि वर्ष 2017 में जीतेश के पिता चुनचुन रवानी की भी हत्या कर दी गई थी और उनका शव हरिहरपुर थाना क्षेत्र में मिला था। उस मामले की जांच अब तक जारी है। अब बेटे की भी हत्या कर दिए जाने से परिवार सदमे में है। धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। अपराधियों ने हत्या के बाद शव को चांदमारी मैदान के पास फेंक दिया है। पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिली है, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *