सिंदरी/मुंबई । मुंबई स्थित एसपी जैन प्रबंधन एवं अनुसंधान संस्थान के वार्षिक दीक्षांत समारोह में बीआईटी सिंदरी के करियर डेवलपमेंट सेंटर के अध्यक्ष डॉ. घनश्याम की पुत्री को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से परिवार, संस्थान एवं शिक्षण जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर डॉ. घनश्याम ने कहा कि अपनी पुत्री को आत्मविश्वास और विनम्रता के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त करते देखना उनके लिए बेहद गर्व और भावुकता का क्षण था। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों, संस्थान, मित्रों एवं परिवार के सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और बेहतर इंसान बनना ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। साथ ही उन्होंने अपनी पुत्री के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
