बलियापुर । सोमवार की सुबह बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंघियाटांड़ गांव में गौ-अवशेष मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में स्थिति तनाव पूर्ण हो गई। जिसके बाद पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया । वहीं पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री तारा देवी के रिश्तेदार शत्रुघ्न महतो के घर के पीछे स्थित बाड़ी में गौ-अवशेष मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया,। देखते ही देखते सैकड़ो की संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे और दो समुदायों के बीच तनाव की आशंका बढ़ने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बलियापुर थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। आक्रोशित लोगों को पुलिस ने समझाबुझा कर शांत कराया। साथ ही स्थिति को बिगड़ता देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों समुदायों के बीच बातचीत कराई गई और फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे कुछ समय मे ही स्थिति पुलिस के नियंत्रण में हो गई । वहीं, अंचल अधिकारी मुरारी नायक ने कहा कि मामला अब पूरी तरह शांत है और लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। फिलहाल क्षेत्र में शांति पूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है ।
