झरिया । धनबाद में अवैध देसी और विदेशी शराब के निर्माण व बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह बलियापुर थाना क्षेत्र के परघा बस्ती, बांधटांड़ कुसुमाटांड़ में बड़ी कार्रवाई की गई, जहां अवैध चुलाई शराब की भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया।

नगरपालिका चुनाव 2026 को देखते हुए जिला प्रशासन सख्त है। उपायुक्त धनबाद के निर्देश और सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक छापेमारी अभियान चलाया गया। टीम ने मौके पर संचालित अवैध चुलाई शराब भट्टी को तोड़ते हुए भारी मात्रा में कच्चा माल और शराब बनाने के उपकरण नष्ट कर दिए।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में जगनकोचा इलाके में भी छापेमारी कर करीब 400 लीटर महुआ शराब बरामद की गई थी, जिसे विधिवत जब्त किया गया। वहीं लगभग 1000 किलो जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया था। इस मामले में संचालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग के अधिकारी ने कहा कि चुनाव और त्योहार के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *