धनबाद। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित पंडरपाला राजेंद्र ग्राउंड से सटे नाले से रविवार को एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बैंक मोड़ थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की। मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी आफताब खान के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई सनबर खान ने बताया कि उनके भाई की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि आफताब उनके साथ ही रहते थे और अक्सर इधर-उधर भटकते रहते थे।

मामले में सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार रवि ने बताया कि सूचना मिली थी कि राजेंद्र ग्राउंड के पास नाले में एक शव पड़ा है। पहचान के बाद परिजनों को सूचित किया गया। आसपास के लोगों और परिजनों ने भी बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और संभव है कि भटकते हुए वह नाले की ओर चले गए हों, जहां गिरने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। बाद में परिजन शव को अपने साथ ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *