धनबाद। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और सुख-शांति की कामना कर रहे हैं। गांधीनगर स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालु भगवान शिव को जल अर्पित कर रहे हैं। मंदिर के पुजारी गजानंद पांडे ने बताया कि सुबह से ही भक्तों का आना जारी है और पूरे दिन विशेष पूजा होगी। शाम में भगवान शिव की बारात नगर भ्रमण के लिए निकलेगी तथा रात में शिव विवाह का आयोजन किया जाएगा।

पूजा करने पहुंचे राहुल ने कहा कि उन्होंने भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि शिवरात्रि के दिन बुराइयों को त्याग कर अच्छाइयों को अपनाने का संकल्प लें। वहीं श्रद्धालु सुनीता देवी ने कहा कि भगवान शिव दयालु हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य स्वीकार करते हैं। बैंक मोड़ स्थित शिव मंदिर में भी भक्ति का माहौल है। श्रद्धालु स्वाति ने बताया कि इस दिन महिलाएं उपवास रखकर दांपत्य सुख की कामना करती हैं, जबकि अविवाहित युवतियां अच्छे जीवनसाथी के लिए पूजा करती हैं। मंदिर के पुजारी पारस नाथ शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई जा रही है और अखंड हरि कीर्तन का आयोजन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *